
सिकन्दराराऊ 25 सितम्बर। सिकन्दराराऊ क्षेत्र के अमृतपुर गांव में डेयरी पर दूध देने गए युवक पर गांव के ही आठ लोगों द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट करने के साथ फायरिंग की और गमछे से गला दबाने का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गया। पीड़ित गजेंद्र निवासी अमृतपुर ने थाना सिकंदराराऊ में तहरीर देकर बताया कि 24 अगस्त की रात वह जीतू की डेयरी पर दूध देने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामखिलाड़ी, विजयपाल, सौर, शिवकेश, हरिकेश, पंकज, अंकित और सचिन एकराय होकर जीतू के घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की तथा गले में गमछा डालकर उसका गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि पत्नी, बच्चों और मोहल्ले के लोगों को आता देख हमलावर उसे मृत समझकर छोड़ गए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









