हाथरस 24 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के ऊंटगाड़ी मोहल्ला, विक्रांत नगर में दबंगों द्वारा घर में घुसकर फाटक तोड़ने और नाबालिग बच्चियों को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला निवासी पवन कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 15 सितंबर को अपने बच्चों के साथ जाहरवीर के दर्शन करने गए थे। घर पर उनकी 13 वर्षीय बेटी नेहा और बेटा कन्हैया मौजूद थे। इसके बाद 18 सितंबर की सुबह वह काम पर चले गए। उस समय घर पर बेटी नेहा के साथ पड़ोस की रहने वाली राधिका पुत्री थान सिंह भी मौजूद थी।
आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का ही सतीश उर्फ सत्ता पुत्र गुलाब सिंह दो अज्ञात लोगों के साथ हाथों में तमंचा लेकर घर में घुस आया। आरोपितों ने मकान का फाटक तोड़ दिया। जब नेहा और राधिका ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों ने बच्चियों को धमकाते हुए कहा कि यदि उन्होंने घटना के बारे में अपने पिता को बताया तो दोनों को जान से मार देंगे। घटना से डरी बच्चियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने पुलिस की 112 सेवा पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक लिखापढ़ी के बाद लौट गई। शाम को पवन कुमार शर्मा के घर लौटने पर बेटी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।





