
सासनी 23 सितंबर। सासनी क्षेत्र के ततारपुर मोहरिया गांव में 17 वर्षीय किशोरी मधु की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के दो दिन बाद घर की अलमारी से एक नोटबुक मिलने की बात सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में पांच लोगों के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, मधु अक्सर बीमार रहती थी। 16-17 सितंबर की रात वह घर के आंगन में बेहोशी की हालत में मिली थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद 17 सितंबर को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के मुताबिक, अगले दिन घर की अलमारी से नोटबुक मिली, जिसमें कथित सुसाइड नोट था। इसमें समीर, सोनू, मुनाशीम, उस्ताद और भांजे के नाम लिखे होने की बात कही जा रही है। परिजनों का आरोप है कि उक्त लोगों द्वारा कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर किशोरी को परेशान किया जाता था। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक अंजुला माहौर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, नोटबुक और परिजनों की शिकायत के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







