
सादाबाद 22 सितम्बर। सादाबाद क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति पर नोएडा में साथ काम करने वाली महिला से प्रेम प्रसंग के चलते मारपीट करने और गमछे से गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को तहरीर देकर पति समेत सास-ससुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। कुरसंडा थोक माडन, थाना सादाबाद निवासी शैलेश पुत्री जयंती प्रसाद ने बताया कि उसकी शादी एक मई 2014 को बुलंदशहर जिले के अरनिया थाना क्षेत्र के नागल मीरपुर निवासी विकास पुत्र ओमपाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 11 वर्षीय पुत्री साक्षी और नौ वर्षीय पुत्र वरुण शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार, उसका पति नोएडा की एक कंपनी में काम करता है। शैलेश का आरोप है कि नोएडा में काम करने के दौरान पति का कंपनी में साथ काम करने वाली एक महिला से प्रेम प्रसंग हो गया। इसी वजह से वह उसके साथ वैवाहिक संबंध नहीं रखता और आए दिन मारपीट करता है। विरोध करने पर पति कथित तौर पर कहता है कि वह उसी महिला से शादी करेगा और पत्नी से चुपचाप तलाक लेने के लिए दबाव बनाता है। आरोप है कि पति उसे धमकी देता था कि यदि उसने तलाक नहीं लिया तो ऐसी परिस्थिति पैदा कर देगा कि वह आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी सास प्रवेश और ससुर ओमपाल भी पति का पक्ष लेते हुए कहते थे कि बेटे की खुशी में ही उनकी खुशी है। शैलेश के मुताबिक, आठ जून 2026 की रात करीब 11 बजे पति ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान सास-ससुर ने भी पति से कहा कि रोज-रोज की मारपीट से अच्छा है कि आज ही किस्सा खत्म कर दो। इसके बाद विकास ने गमछा उसके गले में डालकर जान से मारने का प्रयास किया। मारपीट में पीड़िता के चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शैलेश ने बताया कि उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और रात करीब 12 बजे अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। अगले दिन सुबह उसके भाई धर्मेंद्र, ज्ञानेंद्र और मेघश्याम ससुराल पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्हें घर के अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता तथा उसके दोनों बच्चों को ससुराल पक्ष के कब्जे से मुक्त कराया। पीड़िता ने अपना मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





