हाथरस 21 सितम्बर। धनगर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने सहित समाज की विभिन्न मांगों को लेकर आज धनगर समाज के लोगों ने जिला अध्यक्ष पदम सिंह धनगर के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय से मुलाकात की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने पदम सिंह धनगर का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। मुलाकात के दौरान समाज की प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखा गया। पदम सिंह धनगर ने मुख्य रूप से दो मांगें जिला पंचायत अध्यक्ष के सामने रखीं। इनमें धनगर समाज के लोगों के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने तथा मातेश्वरी महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग शामिल रही। समाज के प्रतिनिधियों ने दोनों समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने दोनों मामलों को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता की। उन्होंने अपने लेटर पैड पर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर धनगर समाज के पात्र लोगों के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने तथा महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान आवंटित करने का अनुरोध किया। प्रतिमा स्थापना के लिए रुहेरी तिराहा पुल के नीचे और प्रताप चौराहा दो स्थान प्रस्तावित किए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि दोनों में से जो स्थान आवंटित होगा, वहां महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा बनवाकर स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा। धनगर समाज के लोगों ने कहा कि दोनों समस्याओं का समाधान होने पर समाज की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया जाएगा। इस अवसर पर प्रेम सिंह धनगर, दिनेश धनगर, गौरव धनगर, प्रमोद धनगर, पुष्पेंद्र धनगर, रविंद्र धनगर, वीरेंद्र सिंह धनगर, भोला धनगर, सतीश धनगर, प्रशांत धनगर, योगेश धनगर और यतेंद्र धनगर सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।











