
सासनी 20 सितम्बर। सासनी क्षेत्र के हरिनगर निवासी विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार पीड़िता रश्मि उर्फ यशु गुप्ता का विवाह 29 जून 2020 को ग्रेटर नोएडा निवासी नीरज गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाहिता का कहना है कि उसके पिता ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें पांच लाख रुपये नकद, घरेलू सामान तथा सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे। आरोप है कि शुरुआत में ससुराल पक्ष ने उसे ठीक से रखा, लेकिन दूसरी बार ससुराल जाने के बाद कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति, देवर और ससुर दहेज को लेकर उसे परेशान करते थे। ससुराल पक्ष के लोग कथित रूप से यह कहते हुए ताने देते थे कि उसके पिता बैंक में नौकरी करते हैं, इसके बावजूद शादी में पर्याप्त दहेज नहीं दिया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि संतान न होने को लेकर उसे ताने दिए गए और मारपीट की गई। बाद में पति के व्यवसाय के लिए पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।
तहरीर में मुख्य घटना 21 मई 2026 की बताई गई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके पिता की बीमारी का बहाना बनाकर उसे कार में बैठाकर सासनी बस स्टैंड पर छोड़ गए। कथित रूप से उसे धमकी दी गई कि जब तक वह पांच लाख रुपये लेकर नहीं आएगी, तब तक ससुराल में वापस न आए। इस घटना के दो स्थानीय लोगों के गवाह होने का भी दावा किया गया है। विवाहिता के अनुसार अगले दिन उसके पिता गवाहों के साथ ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां ससुराल पक्ष ने दोबारा पांच लाख रुपये की मांग की। पिता ने रुपये देने में असमर्थता जताई। पीड़िता का कहना है कि उसने सासनी थाना और ग्रेटर नोएडा में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने रजिस्ट्री के माध्यम से महिला थाना हाथरस में शिकायत भेजी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






