Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 19 सितम्बर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध विस्फोटक और आतिशबाजी के निर्माण व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में सिकंदराराऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी में एक मकान से अवैध रूप से पटाखा बनाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मौके से कुल 45.100 किलोग्राम विस्फोटक एवं आतिशबाजी निर्माण सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामग्री में 19 किलोग्राम गिल्ली बम, 10.400 किलोग्राम अधबनी गिल्ली एवं बत्ती, 13.700 किलोग्राम गिल्ली बम तथा दो किलोग्राम बारूद पाउडर शामिल है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी बिना लाइसेंस के अपने मकान में अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार पुत्र जितेंद्र निवासी नौरंगाबाद पूर्वी, कस्बा व थाना सिकंदराराऊ तथा समीर पुत्र शिवकुमार निवासी नौरंगाबाद पूर्वी, कस्बा व थाना सिकंदराराऊ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पटाखा बनाने की सामग्री बाहर से खरीदकर लाए थे और मकान में पटाखों का निर्माण कर रहे थे। तैयार पटाखों को आगामी दशहरा और दीपावली के दौरान बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिकंदराराऊ में मुकदमा अपराध संख्या 668/26, धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी निखिल कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना सिकंदराराऊ में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page