Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 सितम्बर। जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव पवलोई में शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करने पर पड़ोसी द्वारा परिवार सहित घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने आरोपितों पर लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। गांव पवलोई निवासी विक्रम सिंह पुत्र कन्हैयालाल के अनुसार, 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी सुभाष शराब के नशे में घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। विक्रम ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि सुभाष अपने बेटे पुनीत, पत्नी सिमला और दो अन्य लोगों को बुला लाया। इसके बाद सभी लोग घर में घुस आए और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। आरोप है कि पुनीत ने तमंचे की बट से विक्रम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित के मुताबिक, उसे बचाने पहुंचे उसके पिता कन्हैयालाल और दर्शन के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। हमले में कन्हैयालाल की चार पसलियां टूट गईं और फेफड़े में चोट आने के कारण उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। विक्रम का आरोप है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपित लगातार उन्हें धमका रहे हैं। इसी को लेकर उसने शुक्रवार को एसपी से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page