Hamara Hathras

Latest News

सासनी 17 सितम्बर। शहीद पार्क में बुधवार देर शाम गणेश महोत्सव के तहत समर्पण सेवा समिति की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। बस स्टैंड के पास आयोजित कार्यक्रम में आचार्य शैलेश शर्मा ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गणपति के दर्शन किए और भक्ति संगीत का आनंद लिया। भजन संध्या का शुभारंभ कुलदीप दीक्षित ने भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद हाथरस के गायक अशोक राजा और सासनी के अनिल शास्त्री ने गणपति वंदना सहित विभिन्न भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या आगे बढ़ने के साथ ही महिला, पुरुष और बच्चे तालियां बजाते हुए भक्ति में लीन नजर आए और कई श्रद्धालु भजनों पर झूमते दिखाई दिए। गणपति के जयकारों से शहीद पार्क और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। समर्पण सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य लोगों को धर्म और संस्कृति से जोड़ने के साथ आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री गणेश की आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page