Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। बुर्ज वाला कुआं स्थित परशुराम चौक पर भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने गुरुवार शाम करीब चार बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अजय पुत्र वेद प्रकाश निवासी दो कुआं, काली माता मंदिर के पास, लाला का नगला, थाना कोतवाली नगर, हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर की रात आरोपी ने पहले प्रतिमा पर कीचड़ फेंका और बाद में उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में नाराजगी थी और उन्होंने धरना देकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। वायरल वीडियो में बाइक सवार युवक भी दिखाई दिया था। पुलिस के अनुसार CCTV फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद गुरुवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मथुरा की एक फैक्ट्री में काम करता था, जहां ब्राह्मण समाज का एक युवक भी उसके साथ काम करता था और उसे अक्सर चिढ़ाता था। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि घटना के दिन आरोपी ने शराब पी रखी थी। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में उसने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 640 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया है। इस संबंध में कोतवाली नगर पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page