Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। 115वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज हाथरस एवं तृतीय प्रांतीय मेला हाथरस के अवसर पर दाऊजी मेला पंडाल में 25 सितंबर, शुक्रवार को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाले ‘एक दिन दाऊ बाबा के नाम’ संगीतमय एवं भक्तिमय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के संयोजक एवं सोशल मीडिया संयोजक नगर कमेटी भाजपा योगेश वार्ष्णेय (सहपऊ वाले) का होटल रॉयल रिच, अलीगढ़ रोड, हाथरस पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्वागत समारोह में हाथरस शहर भाजपा अध्यक्ष विवेक गुप्ता एवं उनकी टीम ने योगेश वार्ष्णेय को पगड़ी, दुपट्टा एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान से अभिभूत योगेश वार्ष्णेय ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘एक दिन दाऊ बाबा के नाम’ कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं।

योगेश वार्ष्णेय ने बताया कि इस बार कार्यक्रम में टी-सीरीज के सुप्रसिद्ध भजन गायक पंडित रामावतार शर्मा की विशेष प्रस्तुति होगी। उनके साथ भजन गायिका ईशा गुप्ता, प्राची दीक्षित, विशाल दुबे एवं गायक राघव भी अपने भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों से धर्मप्रेमी जनता को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। उन्होंने कहा कि दाऊ बाबा की भक्ति और आस्था से जुड़े इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर मंच, व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को एक यादगार भक्तिमय संध्या का अनुभव मिले और दाऊ बाबा के प्रति आस्था एवं भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचे। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष भाजपा विवेक गुप्ता, बंटी गौड़, अशोक गोला, हिमांशु शर्मा, अर्जुन वाल्मीकि, विपिन बागड़ी, मिलन कुशवाह, पूजा शर्मा, प्रदीप बंसल, राखी शर्मा, रमन माहौर, सुमित कांत गोयल, सुरेश चौधरी सहित भाजपा एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page