
हाथरस 14 सितम्बर। कोटा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से डॉ. रवि चौधरी के नए क्लीनिक का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सादाबाद विधायक श्री प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी रहे, जिन्होंने फीता काटकर क्लीनिक का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में कोटा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महासभा के अध्यक्ष श्री रामकुमार वर्मा, विष्णु चौधरी, प्रवेंद्र गावर, कप्तान सिंह, अनुज चौधरी एवं भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा एन.पी. सिंह, सौदान सिंह (मैनेजर), डॉ. अशोक चौधरी, हरिशंकर पहलावत, राजवीर सिंह मुखिया जी, ज्ञानेंद्र सिंह फौजी, रोहित शेट्टी, करुआ पहलवान (पूर्व प्रधान) एवं रत्नेश रत्न जी सहित क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठित लोग भी समारोह में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने डॉ. रवि चौधरी को नए चिकित्सा केंद्र की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नया क्लीनिक कोटा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मजबूत होने से लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. रवि चौधरी के इस प्रयास की सराहना की और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रवि चौधरी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि क्लीनिक के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।











