Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 सितम्बर ।  थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव तमना गढ़ी में शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट कर उसका गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता देवी पत्नी चंद्रप्रकाश ने महिला थाने में तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जान की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता देवी का आरोप है कि उसका पति चंद्रप्रकाश आए दिन शराब के नशे में घर आता है और छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट करता है। रोज-रोज की कथित प्रताड़ना से वह परेशान हो चुकी है। आरोप है कि घटना के समय देवी घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और उसे सोते से उठाकर पीटने लगा। पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान पति ने गुस्से में आकर उसके गले में रस्सी डाल दी और गला दबाने लगा। देवी ने किसी तरह खुद को उसके चंगुल से छुड़ाया और घर से बाहर निकलकर अपने भाई को फोन किया। भाई ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की जान बचाई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद उसे फिलहाल अपने भाई के घर जाकर रहने की सलाह दी। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page