
हाथरस 13 सितम्बर। गणेश चतुर्थी में अब महज एक दिन शेष रह गया है। इसे लेकर हाथरस शहर के बाजारों में भगवान गणेश की मूर्तियों की खरीदारी तेज हो गई है। कमला बाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमाओं से दुकानें सज गई हैं। श्रद्धालु अपनी पसंद के अनुसार मूर्तियां खरीदने के साथ ही कई प्रतिमाओं की बुकिंग भी करा रहे हैं। मूर्ति विक्रेताओं के अनुसार इस बार कच्चे माल, रंग और सजावटी सामग्री के दाम बढ़ने का असर गणेश प्रतिमाओं की कीमतों पर भी पड़ा है। पिछले वर्ष करीब 300 रुपये में मिलने वाली प्लास्टर ऑफ पेरिस की बोरी अब लगभग 340 रुपये में मिल रही है। इसके चलते मूर्तियों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इसके बावजूद गणपति बप्पा को घर लाने को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ है। इस वर्ष 100 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की सजावटी और आकर्षक प्रतिमाओं की मांग अधिक बनी हुई है।
ग्राहकों का कहना है कि ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के बाद पानी में अपेक्षाकृत जल्दी घुल जाती हैं, जबकि प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं को घुलने में अधिक समय लगता है। हालांकि ईको फ्रेंडली प्रतिमाओं की कीमत अधिक होने के कारण लोग अपने बजट के अनुसार मूर्तियों की खरीदारी कर रहे हैं। शहर के बाजारों में गणेश चतुर्थी को लेकर लगातार रौनक बढ़ रही है। श्रद्धालु पहले से ही मूर्तियों की बुकिंग कराकर उन्हें सुरक्षित रख रहे हैं। एक श्रद्धालु ने बताया कि पिछले चार वर्षों से उनके घर में गणपति बप्पा विराजमान होते आ रहे हैं। इस बार भी गणेश चतुर्थी से एक दिन पहले मूर्ति खरीदकर दुकान पर सुरक्षित रख दी है। महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं में बप्पा के स्वागत को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है।





