
सासनी 13 सितम्बर। अल्मोड़ा के शीतलाखेत में आयोजित समारोह में देशभर से आए 41 स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव, लगन और सहभागिता के लिए ‘स्काउटिंग सेवा सम्मान’ से नवाजा गया। समारोह का आयोजन सुशीला फाउंडेशन, सासनी विज्ञान क्लब और भारत स्काउट-गाइड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्काउटिंग की गतिविधियों और प्रशिक्षण के माध्यम से सेवा, अनुशासन, साहस, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिवेंद्र कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राकेश कुमार सैनी मौजूद रहे। सासनी विज्ञान क्लब के कोऑर्डिनेटर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह और कार्यक्रम संयोजक डॉ. सतना सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।
रविवार को मुख्य अतिथि राकेश कुमार सैनी ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, साहस, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व जैसे गुण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। अध्यक्ष त्रिवेंद्र कुमार ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों के चरित्र निर्माण के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने स्काउटिंग के मूल आधार सेवा और समर्पण पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. सतना सिंह ने चरित्र निर्माण, सहयोग, राष्ट्रनिष्ठा और पर्यावरण संरक्षण को स्काउटिंग की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। समारोह के दौरान प्रतिभागियों को पायनियरिंग, प्राथमिक चिकित्सा, पहाड़ी यात्रा यानी ट्रैकिंग और प्रकृति-अध्ययन जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने रोजमर्रा के जीवन में उपयोगी कौशल के साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रदर्शन किया। समारोह के समापन पर देशभर से आए 41 स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन को उनकी उत्कृष्ट भागीदारी, लगन और सेवाभाव के लिए प्रमाणपत्र प्रदान कर ‘स्काउटिंग सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाज और विद्यार्थियों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।








