
सिकन्दराराऊ (हसायन) 11 सितम्बर। थाना क्षेत्र के गांव खेड़िया कला निवासी 14 वर्षीय छात्र स्कूल जाने के लिए घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता ने थाना हसायन में तहरीर देकर बेटे की तलाश कराने की मांग की है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। गांव निवासी विवेक कुमार पुत्र रामवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा यशराज कक्षा नौ का छात्र है। वह 10 सितंबर की सुबह राजकमल पब्लिक स्कूल, सिकंदराराऊ जाने के लिए घर से निकला था। शाम करीब चार बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और वहां जानकारी की तो पता चला कि यशराज उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था। परिजनों ने रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर छात्र की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता ने थाना हसायन पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।







