
हाथरस 11 सितम्बर। शहर के तरफरा रोड स्थित एक मसाला फैक्ट्री के ऑफिस से अज्ञात चोर एक लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने कोतवाली हाथरस में तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। नवल नगर निवासी कपिल गुप्ता पुत्र राजकुमार वार्ष्णेय ने बताया कि वह तरफरा रोड पर मसाला फैक्ट्री संचालित करते हैं। उनके अनुसार 10 सितंबर की रात दो अज्ञात चोर फैक्ट्री के ऑफिस में घुस गए और दराज में रखी करीब एक लाख से एक लाख 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की कॉपी थाना चावड़ गेट प्रभारी और एसओजी टीम को भी उपलब्ध कराई गई है। कपिल गुप्ता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने जल्द चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही फैक्ट्री और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







