सादाबाद : पति-पत्नी के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, महिलाओं ने पुरुषों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
सादाबाद 11 सितम्बर। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में सरकारी कार्यालय के गेट पर जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की घटना में महिलाएं भी शामिल रहीं और महिलाओं द्वारा पुरुषों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सादाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित विकास खंड कार्यालय के गेट पर पति-पत्नी के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी मारपीट में हिस्सा लिया और पुरुषों के साथ मारपीट करती नजर आईं। घटना के चलते सरकारी कार्यालय के गेट पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मारपीट की पूरी घटना किसी व्यक्ति ने वीडियो में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति की जांच कर रही है।









