हाथरस 10 सितंबर । थाना जंक्शन क्षेत्र के गांव खेड़ा चतुर्भुज में पुरानी रंजिश को लेकर घर के बाहर महिला और उसके ससुर पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव खेड़ा चतुर्भुज निवासी संजू देवी पत्नी लोकेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही रामप्रकाश पुत्र गोविंद, अनिल, गजेंद्र और सतीश उसके घर के बाहर आए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपितों ने उसके ससुर मुख्तार सिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने धारदार हथियार झंझे से मुख्तार सिंह पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। संजू देवी ने जब इसका विरोध करते हुए आरोपितों से पूछा कि उसके ससुर को क्यों मारा जा रहा है, तो आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की और झंझे से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।






