हाथरस 10 सितम्बर। सेठ फूल चन्द बागला पीजी कॉलेज में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छोंकर जी द्वारा पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने पंत जी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा उनके आदर्शों एवं मूल्यों पर प्रकाश डाला।
जयंती समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों को पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन, विचारों एवं राष्ट्रसेवा से प्रेरित करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा पंत जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका, प्रशासनिक दक्षता, राष्ट्रीय एकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में जूरी सदस्य के रूप में प्रो. सुनंदा महाजन, प्रो. के. एन. त्रिपाठी एवं डॉ. डी. के. दीक्षित ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अंजलि पोनिया ने प्रथम स्थान, रेनू सिंह ने द्वितीय स्थान तथा ओलिशा सूर्यवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रो. पी. के. शर्मा, प्रो. राजेश कुमार (हिंदी), प्रो. राजेश कुमार (वाणिज्य), डॉ. प्रेम किशोर, डॉ. विमलेश, डॉ. वीरेश शर्मा, डॉ. विनीत सिंह, डॉ. कमलेश, डॉ. ऋषिकांत, डॉ. विनय वर्मा एवं डॉ. अंजुला सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिक्षकगण ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. शुभंकर पांडेय जी द्वारा किया गया तथा संपूर्ण कार्यक्रम डॉ. दीपा ग्रोवर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं सफल रहा तथा विद्यार्थियों को पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिली।





