Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 सितम्बर। सादाबाद क्षेत्र के गांव छतारा में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ने का मामला सामने आया है। नगला मेवा निवासी सरिता पुत्री स्व. रामप्रकाश ने महिला थाने में तहरीर देकर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सरिता ने बताया कि उसकी शादी आठ नवंबर 2022 को छतारा निवासी विवेक कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसकी मां और भाई ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि ससुरालीजन शादी में मिले दान-दहेज से खुश नहीं थे और ससुराल पहुंचते ही पति विवेक, सास-ससुर, देवर, ननद और जेठ अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे भूखा-प्यासा रखने के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता के अनुसार उसने मायके में मां गंगा देवी और भाई शिवकुमार को इसकी जानकारी दी। दोनों ससुराल पहुंचे और ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि 11 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजे सभी ससुरालीजन उसे पहने हुए कपड़ों में ही बोलेरो में बैठाकर मायके छोड़ने लगे और पांच लाख रुपये लेकर न आने पर जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता का आरोप है कि विरोध करने पर ससुरालियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और उसका सोने-चांदी का स्त्रीधन भी छीन लिया। शोर सुनकर उसकी मां, भाई और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे बचाया। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page