Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 सितम्बर। श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय शिल्प प्रदर्शन सह जागरूकता कार्यक्रम का समापन आज मुख्य अतिथि सहायक निदेशक हस्तशिल्प सेवा केंद्र आगरा रंजीत कुमार एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी अमित मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन द्वारा अतिथियों को बुके भेंट कर एवं उत्तरीय पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। कला अध्यापक रतन प्रकाश द्वारा धर्मेंद्र कुमार का भी उत्तरीय पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान ह्यूमन सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न हस्तशिल्प विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आगरा की मास्टर ट्रेनर सुनीता मौर्य ने जरी वर्क, फिरोजाबाद के मास्टर ट्रेनर प्रेमवीर सिंह ने ग्लास वर्क, आगरा की मास्टर ट्रेनर अंजू मौर्य ने मधुबनी पेंटिंग तथा मथुरा के पास स्थित जेत गांव की मास्टर ट्रेनर तारा ने तुलसी के मोतियों से विभिन्न प्रकार की वस्तुएं बनाना सिखाया।

धर्मेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को सरकार द्वारा हस्तशिल्प क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही शिल्पकार कार्ड के बारे में भी विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि रंजीत कुमार ने विद्यार्थियों से प्रेरणात्मक संवाद करते हुए ‘लर्न विद अर्न’ कॉन्सेप्ट की जानकारी दी और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि अमित मिश्रा ने विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन, मुख्य अतिथि रंजीत कुमार एवं विशिष्ट अतिथि अमित मिश्रा ने प्रशिक्षण में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं कक्षा 8, 9 एवं 10 के तीनों बैच के उत्कृष्ट 40 विद्यार्थियों को उपहार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रीतिका शर्मा, करियर गाइडेंस नोडल मृत्युंजय, आशीष, विकास कौशिक, रतन प्रकाश उपाध्याय, सुनीत कुमार गौतम, रमाशंकर तथा शिक्षा सहयोगी श्री जयप्रकाश, कुबेर एवं उमेश चंद्र का सक्रिय सहयोग रहा। विद्यालय के समस्त स्टाफ की उपस्थिति एवं सहयोग भी प्रशंसनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page