
सादाबाद (सहपऊ) 08 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुतहरा के मजरा नगला बंजारा निवासी राजेश ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही सात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर उसके तथा परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट और महिलाओं से बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार शनिवार दोपहर उसकी 15 वर्षीय भतीजी गांव की दुकान से सामान लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद गांव के विष्णु कुमार ने किशोरी के साथ गाली-गलौज की। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। राजेश का कहना है कि वह विष्णु कुमार द्वारा उसकी भतीजी को गाली दिए जाने की शिकायत करने उसके घर पहुंचा, जहां विष्णु के परिवार के लोगों ने कथित रूप से उसके साथ भी गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद विष्णु कुमार के साथ मुनेश, रवि, रिंकू, संतोष, अवतार सिंह एवं धीरी सिंह उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की तथा उनके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। मामले में सहपऊ कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।











