
हाथरस 08 सितम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तथा जनपद स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, आरएलडी जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विधायक सादाबाद को पुष्पगुच्छ तथा मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाध्यक्ष को बुके भेंट कर स्वागत किया। विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि करीब 30-40 वर्ष पहले गांवों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी के लिए बुजुर्ग महिलाओं के पारंपरिक अनुभव पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। सरकार की सोच है कि जिस दिन से बच्चा मां के गर्भ में आता है, उसी दिन से उसके स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो। गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और उसके स्वस्थ विकास तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मां और बच्चे को पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हितों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्हें कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ मानदेय में वृद्धि की गई है तथा ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र केवल भवन तक सीमित दिखाई देते थे, लेकिन आज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और सभी कार्यकत्रियां पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह सुनिश्चित करें कि गांवों में कोई भी पात्र महिला, गर्भवती महिला अथवा बच्चा सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की गई है तथा ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि को भी दोगुना किया गया है, जो सरकार की ओर से उनके प्रति संवेदनशीलता और उनके कार्यों के महत्व को दर्शाता है। कार्यक्रम में जनपद स्तर पर 75 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जबकि सादाबाद में 25 तथा सिकंदराराऊ में 25 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार जनपद में कुल 125 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान सीमा सागर पत्नी सुनील कुमार की जूडो खेल में उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने जनवरी 2025 में अपने बच्चों को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जूडो प्रशिक्षण दिलाने के दौरान स्वयं भी जूडो खेलना शुरू किया और मेहनत एवं जुनून के बल पर नवंबर 2025 में सीनियर स्टेट जूडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उन्होंने माननीय सांसद खेल स्पर्धा में तहसील एवं आगरा जोन में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा जुलाई 2026 में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो महाकुंभ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।











