
हाथरस 08 सितम्बर। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति द्वारा आज को कृषि विज्ञान केंद्र, सिकंदराऊ में किसानों के लिए प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न पद्धतियों, इसके लाभों तथा रासायनिक उर्वरकों एवं अन्य रसायनों पर निर्भरता कम करने के संबंध में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इसके माध्यम से मिट्टी और जल स्रोतों का संरक्षण करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यशाला के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करते हुए रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी, सिकंदराऊ, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ, ग्राम प्रधान, जिला परियोजना अधिकारी हाथरस सहित वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।











