हाथरस 08 सितम्बर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा के निर्देशन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति समिति के तत्वावधान में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालय में वर्तमान में संचालित पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत लागू व्यवस्थाओं एवं किए गए बदलावों के बारे में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा ने छात्राओं से कहा कि वे कार्यक्रम में दी जा रही जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुनें और अपनी जिज्ञासाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछें। उन्होंने बताया कि पूर्व में जहां एक ही पाठ्यक्रम पूरे वर्ष संचालित होता था, वहीं अब प्रत्येक सेमेस्टर में पाठ्यक्रम में बदलाव होगा। कार्यक्रम के दौरान मेजर, माइनर, को-करिकुलर, वोकेशनल, प्रोजेक्ट सहित अन्य विषयों एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी छात्राओं को दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति समिति की प्रभारी प्रो. रंजना सिंह, सदस्य श्री जगदीश कुमार, डॉ. बरखा भारद्वाज, डॉ. ललितेश तिवारी एवं कु. नाहिद बी का योगदान रहा। इसके साथ ही 8 सितंबर को ही महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा 25 छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकों का वितरण किया गया। प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा ने कहा कि छात्राओं को प्रदान की गई पुस्तकें उनके शैक्षिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में UGC-NET, SSC, बीएड प्रवेश परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कक्षाओं का भी संचालन किया जा रहा है। विभागाध्यक्ष प्रो. रंजना गुप्ता ने साक्षरता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दुनिया में लगभग 73 करोड़ 90 लाख लोग अभी भी साक्षर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि साक्षरता दर बढ़ाने के उद्देश्य से यूनेस्को द्वारा वर्ष 1967 में विश्व साक्षरता दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। उन्होंने बताया कि शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा 5 सितंबर को शिक्षक दिवस का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री जगदीश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। ओरिएंटेशन कार्यक्रम से संबंधित प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा उपलब्ध कराया गया।












