
हाथरस 08 सितम्बर। डिब्बा गली स्थित लोहिया धर्मशाला जैन स्थानक में जैन धर्म का महापर्व पर्यूषण पर्व मंगलवार से श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रारंभ हो गया। पर्व के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे प्रवचन होंगे, जबकि शाम को नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। दिल्ली से आए स्वाध्याय बंधु महेंद्र जी जैन एवं सुलेख जैन ने पर्यूषण पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व जप, तप, साधना, आराधना और उपासना सहित अनेक प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों का अवसर है। पर्यूषण पर्व मन के क्लेशों को दूर कर स्वयं को अधिक से अधिक शुद्ध एवं पवित्र बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पर्यूषण पर्व जीवन से दुर्गुणों का त्याग कर सद्गुणों को अपनाने का पर्व है। यह आत्मचिंतन, संयम और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर लोहिया धर्मशाला के प्रबंधक मंत्री सुरेश चंद जैन, पार्श्वनाथ दिगंबर जैन हलवाई खाना के प्रबंधक राकेश जैन, अध्यक्ष मनोज कुमार जैन, उपाध्यक्ष विजय कुमार जैन लोहिया, अतुल कुमार जैन एडवोकेट, मनु जैन, संजीव जैन, प्रताप जैन, सचिन जैन, संजय जैन, मयंक जैन, पूजा जैन, रश्मि जैन, रजनी जैन एवं मंजू जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पर्यूषण पर्व को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करते हुए आत्मशुद्धि, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।











