सादाबाद 07 सितम्बर। क्षेत्र के गांव में गढ़ तसींगा में दोपहर चारा काटते समय एक हादसा हो गया। चारा काटने की मशीन में साड़ी फंसने से 65 साल की वृद्धा निखिलेश को झटका लगा और वह पास के खरंजा पर गिर गईं। उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तुरंत बिसावर के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। मथुरा ले जाने पर डॉक्टरों ने निखिलेश को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, गढ़ तसींगा की रहने वाली निखिलेश पत्नी भिक्की लाल सोमवार दोपहर अपने घर के पास चारा मशीन से चारा काट रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी साड़ी मशीन में फंस गई। साड़ी फंसते ही निखिलेश को तेज झटका लगा और वह अपना संतुलन खो बैठीं। झटका लगने से वह पास में बने खरंजा पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत निखिलेश को लेकर बिसावर पहुंचे और डॉक्टरों से इलाज कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखकर उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मथुरा ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद निखिलेश को मृत बताया। निखिलेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में भी दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी।







