Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 सितम्बर। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन, आगरा के निर्देशन में आज पुलिस लाइंस हाथरस स्थित माधव प्रेक्षागृह में जनपद के सभी थानों से गठित मिशन शक्ति टीमों की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कराई गई। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में संपन्न हुई इस परीक्षा का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान से जुड़े पुलिसकर्मियों के महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से संबंधित कानूनों, पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं, जनजागरूकता कार्यक्रमों और पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित ज्ञान एवं दक्षता का मूल्यांकन करना रहा। ऑनलाइन परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा में शामिल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए मिशन शक्ति अभियान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े प्रत्येक पुलिसकर्मी को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। इससे किसी भी आवश्यकता की स्थिति में पीड़ितों को त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। परीक्षा में जनपद के सभी थानों में गठित मिशन शक्ति टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा में महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी योजनाओं, जनजागरूकता कार्यक्रमों, महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की कार्रवाई तथा जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। इसके माध्यम से पुलिसकर्मियों की विषयगत जानकारी के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े मामलों में उनकी कार्यदक्षता का भी आकलन किया गया।

परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। पुलिस विभाग के अनुसार इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन कार्यक्रमों से मिशन शक्ति टीमों की कार्यकुशलता बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर अधिक संवेदनशीलता, तत्परता और प्रभावी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। जनपद हाथरस पुलिस की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए जनजागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, संवाद और प्रभावी पुलिसिंग का सिलसिला निरंतर जारी रखा जाएगा। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page