
हाथरस 07 सितम्बर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित वेयरहाउस में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की चल रही प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) का जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जांच प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मशीनों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं अधिकृत इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जांच के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक मशीन की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी सावधानी से करने तथा जांच से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार पूरा करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रथम स्तरीय जांच की प्रगति के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













