
अलीगढ़ 06 सितम्बर। सांसद अनूप प्रधान ने शनिवार को अलीगढ़ से हाथरस जाते समय सासनी के पास रोडवेज बस सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए संचालित मुफ्त यात्रा सुविधा की व्यवस्थाओं को देखा और लाभार्थी महिलाओं से बातचीत की। सांसद ने बस में मौजूद वरिष्ठ महिला यात्रियों से योजना के तहत मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से उनके अनुभव और सुझाव भी जाने। लाभार्थी महिलाओं ने योजना पर संतोष जताते हुए इसे बुजुर्ग महिलाओं के लिए सुविधाजनक और उपयोगी बताया। इस मौके पर सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानजनक, आसान और सुरक्षित यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं को आवागमन में सहूलियत हो रही है और उनकी आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण पहल है। सांसद ने अधिकारियों एवं परिवहन कर्मचारियों से कहा कि योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक सुचारु रूप से पहुंचाया जाए और यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।













