
हाथरस 06 सितम्बर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ब्रज प्रांत की मथुरा विभाग टोली की बैठक शनिवार को नगर इकाई हाथरस के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। बैठक में सदस्यता अभियान, युवती सम्मेलन सहित संगठन के विभिन्न आगामी कार्यक्रमों को लेकर गहन चर्चा की गई। साथ ही गतिविधियों एवं विभिन्न आयामों के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन के कार्य-विस्तार और गतिविधियों को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने का आह्वान किया। ब्रज प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया ने सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं से निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी, ब्रज प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया, विभाग संयोजक अमन पांडे, विभाग छात्रा प्रमुख साधना प्रजापति, मथुरा जिला संयोजक योगेंद्र चौधरी, हाथरस जिला संयोजक माधव अग्निहोत्री एवं हाथरस जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।












