हाथरस 06 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज में होने वाले सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों के बजट को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। बजट राशि बंद किए जाने की सूचना से नाराज विभिन्न सांस्कृतिक मंचों के संयोजकों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रमों के बहिष्कार और अपने पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। हालांकि, देर रात अधिकारियों के आश्वासन के बाद विवाद समाप्त होता दिखाई दिया। मेला के दर्जनों कार्यक्रमों के संयोजक अपने कार्यक्रमों के संचालन के लिए मिलने वाले अग्रिम चेक लेने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उन्हें इस बार मेला कार्यक्रमों के लिए मिलने वाली बजट राशि पूरी तरह समाप्त किए जाने की जानकारी दी गई। इससे नाराज संयोजकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही बैठक कर विरोध जताया। संयोजकों ने स्पष्ट किया कि यदि पूर्व की तरह बजट उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देने के साथ ही कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे।
डीएम ने कहा- पूर्व की तरह मिलेगा बजट
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि मेला कार्यक्रमों के लिए बजट पूर्व की तरह दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार बजट आवंटित करने से पहले कार्यक्रम संयोजकों से आ योजन में होने वाले खर्च की जानकारी ली जाएगी और उसके आधार पर बजट निर्धारित किया जाएगा।
देर रात बैठक में अधिकारियों ने दिया आश्वासन
शनिवार देर रात आंधीवाल पैलेस में मेला कार्यक्रमों के संयोजकों की बैठक एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इसमें एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने संयोजकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि मेला कार्यक्रमों के संयोजकों को पूर्व की भांति बजट मिलता रहेगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद संयोजक संतुष्ट नजर आए और बजट को लेकर उठा विवाद समाप्त होता दिखाई दिया। बैठक में भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, अतुल आंधीवाल, विपुल गौड़, जय शर्मा, अंकित गौड़, कृष्ण कुमार वार्ष्णेय, योगेश कुमार गुप्ता और अरुण उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














