सादाबाद (सहपऊ) 06 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव तामसी में ग्राम प्रधान पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करवाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की। कायतकर्ता जय किशोर सहित ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार सोनू बघेल के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस को मौके पर भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद तहसीलदार सोनू बघेल शनिवार दोपहर राजस्व टीम और पुलिस के साथ गांव तामसी पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान उन्होंने नवीन परती एवं हरिजन आबादी की जमीन पर कब्जा पाया। बताया गया कि जिस ग्रामीण के नाम ग्राम प्रधान द्वारा जमीन का पट्टा किए जाने की बात कही गई थी, वह मौके पर मौजूद नहीं था। मौके पर केवल महिलाएं मिलीं, जो संबंधित पट्टे के अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
इस दौरान राजस्व टीम और महिलाओं के बीच जमीन को लेकर काफी देर तक बातचीत और बहस होती रही। वहीं, शिकायत के दौरान आरोपों के घेरे में आए ग्राम प्रधान भी मौके पर मौजूद नहीं थे। शिकायतकर्ता और ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा किया गया पट्टा नियमानुसार नहीं है। जांच के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। स्थिति को देखते हुए तहसीलदार ने मौके पर मौजूद महिलाओं को जमीन खाली करने के लिए तीन दिन का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में जमीन खाली नहीं की गई तो नियमानुसार कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार सोनू बघेल ने बताया कि तामसी गांव की नवीन परती एवं हरिजन आबादी की जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया है। मौके पर घर में महिलाएं मौजूद थीं, जो जमीन से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं। उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।













