Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 06 सितम्बर। क्षेत्र के गांव अहरई में शुक्रवार को रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों की टीमों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक ताकत, दमखम और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का संचालन एवं देखरेख बीएचयू ऑक्सफोर्ड के डायरेक्टर प्रदीप शर्मा ने की। इस दौरान डॉक्टर अविन शर्मा, बच्चू सिंह, वकील साहब, मोनू प्रधान, गेंदा प्रधान, मेंबर प्रधान, रघुवीर और मनवीर भगत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अंत में कुंवरपुर गांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। बमनई गांव की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि मेजबान अहरई गांव की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों और खिलाड़ियों का मौजूद लोगों ने उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है तथा उनमें अनुशासन, टीमवर्क, आपसी भाईचारे और खेल भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता के दौरान गांव में उत्साह और खेलमय माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page