
हाथरस 05 सितम्बर। घंटाघर स्थित मंदिर श्री गोविंद भगवान में शनिवार को नंद उत्सव बड़े ही धूमधाम और उल्लासमय वातावरण में मनाया गया। नंदोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और आनंद के रंग में सराबोर नजर आया। पागल बाबा की मंडली द्वारा भजन-कीर्तन और नंद बाबा की बधाई के गीत प्रस्तुत किए गए, जिन पर श्रद्धालु झूमते, नाचते और थिरकते नजर आए। नंद बाबा बने स्वरूप के माध्यम से भक्तों ने खिलौने, टॉफी, बिस्किट, नमकीन तथा सौंफ-सुपारी के पैकेट लुटाकर पूरे वातावरण को गोकुल जैसा बना दिया। मंदिर परिसर में “लाला जन्म भयो आज, बधाई गाओ रे” और “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों की गूंज रही। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु उत्साह के साथ झूमते रहे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। नंदोत्सव के उपरांत मंदिर में भगवान की विधिवत आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष मुकुल आनंद वार्ष्णेय, कातिब रंजीत वार्ष्णेय, एडवोकेट योगेंद्र वार्ष्णेय कुल्ली, प्रियांक वार्ष्णेय सर्राफ, तनु आनंद कातिब, मनु आनंद कातिब, अमन वार्ष्णेय, लब्बू वार्ष्णेय, अरविंद वार्ष्णेय, दीपक वार्ष्णेय, भवतोष वार्ष्णेय, दाऊदयाल वार्ष्णेय, शिवम वार्ष्णेय, देवान्शू वार्ष्णेय, मोनू वार्ष्णेय, दिनेश चंद वार्ष्णेय, शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ, आकू वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।









