
हाथरस 05 सितम्बर। क्षेत्र के मोहल्ला मायान निवासी दलित युवक कशिश ने मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, कशिश अपने मालिक शोवी कुरैशी के कहने पर सामान देने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में लाला का नगला निवासी फरमान, उसका भाई अरमान, निज्जो, सोफियान समेत आठ-दस अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा, लेकिन आरोपी उसके पीछे भी दौड़े और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









