Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 सितम्बर। रमनपुर रोड स्थित श्री श्री भैरवनाथ सिद्ध पीठ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है और श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। मंदिर के महंत बाबा रामदास जी के निर्देशन में जन्माष्टमी कार्यक्रम की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। व्यवस्था की जिम्मेदारी सतेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ तथा देव स्वरूप शर्मा संभाल रहे हैं। मंदिर के संस्थापक श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ने सभी भक्तजनों का स्वागत किया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। विशेष रूप से कन्हैया जी का डोला और लड्डू गोपाल के झूले का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कार्यक्रम की तैयारियों में राम खिलाड़ी काकू जी, श्रीमती गीता देवी, कैलाश जी, श्रीमती भगवान देवी, मनोज पंडित, आदित्य स्वरूप शर्मा, शशांक पचौरी और शैलेंद्र वशिष्ठ सहित भक्तजनों का सहयोग मिल रहा है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के दौरान ‘यशोदा ने लाल जायो है’, ‘नंद के घर लाला आयो है’, ‘नंद के आनंद भयो’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ जैसे भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंज रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर आरती-वंदन के बाद श्रद्धालुओं को फलाहार प्रसाद के साथ मक्खन-मिश्री और चरणामृत का भोग लगाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आ रहा है। हाथरस में जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में भी विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं और श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page