हाथरस 04 सितम्बर । कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव तरफरा में गाली-गलौज का विरोध करने पर मां-बेटे के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव तरफरा निवासी सोनवती पत्नी स्वर्गीय चरन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही विजय सिंह, मंजू देवी पत्नी विजय सिंह, रविंद्र सिंह और मनवीर सिंह उनके परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे।
आरोप है कि जब सोनवती के बेटे गिरीश कुमार ने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने के लिए सोनवती बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोप है कि उनके साथ भी अभद्रता की गई। पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद वह 13 जून को कोतवाली पहुंचीं और पुलिस से आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद लोग आए दिन उनके परिवार के साथ विवाद करते हैं और धमकाते भी हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








