Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 सितम्बर। गुरुवार को आगरा रोड राजमार्ग पर बास अमरू बंबा के पास सड़क किनारे गड्ढे में प्लास्टिक के कई टैंक मिले। ये टैंक देखने में ऑक्सीजन सिलेंडर जैसे लग रहे थे। इन्हें देखकर आसपास के ग्रामीणों में हलचल मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सड़क से गुजर रहे लोग भी भीड़ देखकर रुकने लगे। कुछ देर के लिए वहां कौतूहल का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने इन सिलेंडर जैसी चीजों को देखकर गोविंदपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। जांच में साफ हुआ कि ये ऑक्सीजन गैस के सिलेंडर नहीं हैं। ये किसी बड़े जलशोधन प्लांट में पानी साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाले फाइबर रिइन्फोर्ड प्लास्टिक प्रेशर वेसल या फिल्टर टैंक हैं। इस्तेमाल के बाद बेकार होने पर इन्हें यहां फेंक दिया गया था। गोविंदपुर चौकी प्रभारी ध्रुवेंद्र दीक्षित ने बताया कि मौके पर मिली चीजें फाइबरग्लास या कंपोजिट से बने प्रेशर वेसल लग रहे थे। इन टैंकों का इस्तेमाल आमतौर पर वाटर सॉफ्टनर, सैंड फिल्टर, कार्बन फिल्टर और आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) की प्री-ट्रीटमेंट व्यवस्था में होता है। उन्होंने यह भी बताया कि इनका बाहरी हिस्सा एफआरपी यानी फाइबरग्लास रिइन्फोर्ड प्लास्टिक से बना होता है। अंदर प्लास्टिक की एक परत होती है। बाजार में ऐसे टैंक आमतौर पर नीले या कई रंगों में मिलते हैं। इनके आकार और बनावट के कारण दूर से देखने पर ये ऑक्सीजन या किसी और गैस के सिलेंडर जैसे दिख सकते हैं। पुलिस की जांच में इनके गैस सिलेंडर होने की पुष्टि नहीं हुई। जानकारी साफ होने के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। मौके पर जमा भीड़ धीरे-धीरे वहां से हट गई। इस घटना के कारण कुछ समय तक राजमार्ग किनारे लोगों में यह बात चर्चा का विषय बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page