सादाबाद 02 सितंबर। कस्बे के कश्यप नगर में आठ साल का बच्चा सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गया। हादसे में बच्चे के सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कश्यप नगर के रहने वाले राकेश का आठ साल का बेटा अनिकेत मंगलवार देर रात घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह सीढ़ियों के पास पहुंच गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ा। बच्चे के सीढ़ियों से गिरने की खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से घायल अनिकेत को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की और प्राथमिक इलाज शुरू किया। सिर और मुंह में चोटें गंभीर होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन घायल अनिकेत को लेकर जिला अस्पताल चले गए। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बच्चे के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।













