
हाथरस 01 सितम्बर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाई को राखी बांधने के लिए आगरा जनपद स्थित अपने मायके गई थी। दो दिन बाद जब वह अपनी ससुराल वापस लौटी तो देर से आने को लेकर उसका पति नाराज हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पति ने महिला के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। महिला के भाई के अनुसार, मारपीट के दौरान गला दबाए जाने से उसकी बहन अचेत होकर गिर गई। घटना के दौरान महिला की बेटी ने मामले की जानकारी अपने ननिहाल पक्ष के लोगों को दी। सूचना मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार किया। हालत में सुधार होने के बाद मायके पक्ष के लोग महिला को अपने साथ ले गए। घटना को लेकर महिला के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस की ओर से जांच और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।











