Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 सितम्बर। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव सठिया निवासी युवक की मथुरा के कोसी कलां के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को गमगीन माहौल के बीच मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में उसके साथ पिकअप में सवार छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सठिया गांव निवासी माधौ पुत्र रामबाबू सिंह अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से अलवर काम करने के लिए जा रहा था। बताया गया कि सभी लोगों को हडौली निवासी ठेकेदार काम के लिए लेकर जा रहा था। पिकअप में गुड्डू निवासी खेरिया, रवि और पुष्पेंद्र निवासी हडौली, संजय निवासी ततारपुर, अजय निवासी उसवा तथा गौरव निवासी चंदफरी भी सवार थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे माधौ घर से निकला था। कोसी कलां के पास पहुंचने पर पिकअप हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि माधौ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों में संजय को परिजन बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद माधौ के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया। माधौ के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो पत्नियां राजकुमारी और उषा देवी तथा तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। सोमवार को जब उसका अंतिम संस्कार किया गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद गांव में देर तक मातम पसरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page