Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 अगस्त। आगामी त्योहारों एवं लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मद्देनजर जनपद की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए अग्रवाल सेवा सदन में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में व्यापारियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संबंधी बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान पर व्यापारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए उनके सुझाव लिए। बैठक में होल्डिंग एरिया, पार्किंग स्थलों, यातायात डायवर्जन और बाजारों में आवागमन को सुगम बनाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों ने यातायात एवं पार्किंग के लिए उपयोग में लाई जा सकने वाली भूमि की जानकारी भी प्रशासन को दी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिन्हित कर सत्यापन एवं आवश्यक जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान प्रशासन का नहीं बल्कि व्यापारियों और प्रशासन का साझा प्लान होगा, जिसमें बाजारों में आने वाले ग्राहकों, आमजन और व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मेले और त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग और यातायात संचालन की व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा सुबह 8 बजे से पहले तथा शाम 5 बजे के बाद वाहनों के आवागमन को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने की अपील की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि आगामी त्योहारों और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। उन्होंने व्यापारियों से अतिक्रमण और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से बचने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में व्यापारियों ने प्रस्तावित ट्रैफिक प्लान का स्वागत करते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों को शामिल कर ट्रैफिक प्लान में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे और उसके बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सदर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एआरएम रोडवेज, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page