Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 अगस्त। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों के सामने बदहाल रास्तों और मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) ने आवाज उठाई। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला मथु, मुरसान और प्राथमिक विद्यालय जंगला, सादाबाद के मुख्य प्रवेश मार्गों की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया। एडीएचआर के अनुसार नगला मथु विद्यालय के मुख्य गेट के सामने बारिश के बाद कीचड़ और दलदल की स्थिति बन जाती है, जिससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती है और उनके फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं जंगला स्थित प्राथमिक विद्यालय के मुख्य गेट के सामने जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण बच्चों के साथ ग्रामीणों व राहगीरों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है। संगठन का कहना है कि यह मार्ग ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग भी है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। एडीएचआर ने मांग की कि दोनों विद्यालयों के सामने से तत्काल कीचड़ और दलदल हटाकर रास्तों को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा स्थायी समाधान के लिए पक्का मार्ग और उचित जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही दोनों विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कराकर अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच कराने की मांग की गई। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बच्चों को कीचड़ और दलदल से होकर विद्यालय पहुंचने के लिए मजबूर होना गंभीर चिंता का विषय है। जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहौल मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कीचड़ से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर करना अनुच्छेद 21 और आरटीई एक्ट 2009 की भावना के विपरीत है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अविलंब कार्रवाई कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों के अधिकार और जनहित के मुद्दे पर संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रभारी बीएसए गिरिराज सिंह ने ज्ञापन लेते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर स्थलीय रिपोर्ट तलब करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल, जिला कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page