हाथरस 30 अगस्त। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के चिंता गढ़ी गांव में रविवार को उस समय मातम पसर गया, जब पेट दर्द की शिकायत के बाद इलाज कराने गए 28 वर्षीय युवक सोनू पुत्र किशन लाल की मौत हो गई। परिजनों ने परसारा गांव में इलाज करने वाले एक व्यक्ति पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सोनू को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। परिजन उसे पास के परसारा गांव में सुरेश नामक व्यक्ति के पास लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सुरेश खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज करता है। आरोप है कि उसने सोनू को इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए। परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगाए जाने के बाद सोनू के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बाद कथित डॉक्टर ने इलाज करने से इनकार कर दिया और उसे किसी अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन सोनू को आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए इलाज करने से मना कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोपहर करीब दो बजे सोनू को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोनू मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। परिजनों के मुताबिक, महज आठ दिन पहले ही उसकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था। परिवार में नवजात के आने की खुशी अभी ठीक से मन भी नहीं पाई थी कि सोनू की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














