Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 30 अगस्त । कस्बे के मोहल्ला होलीगेट निवासी करीब 70 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद हलवाई पुत्र नेकराम की शनिवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। मौत के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने चिकित्सालय में उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाकर शांत कराया। मृतक के पुत्र धर्मेंद्र ने बताया कि शनिवार शाम को उनके पिता की तबीयत अचानक अधिक खराब हो गई थी। इसके बाद वह उन्हें लक्ष्मी गोपाल हेल्थ केयर एंड पैरामेडिकल ट्रस्ट चिकित्सालय में भर्ती कराने के लिए लेकर पहुंचे। धर्मेंद्र का कहना है कि उनके पिता के पास आयुष्मान कार्ड था, जिसे चिकित्सालय प्रबंधन ने जमा करा लिया। इसके बाद भर्ती, दवा और जांच आदि के नाम पर उनसे लगातार रुपये लिए जाते रहे।

परिजन के मुताबिक, धीरे-धीरे करीब पांच हजार रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद उन्हें उचित उपचार नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि उनके पिता की रक्त जांच भी नहीं दी गई और जांच रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले के लोग भी चिकित्सालय पहुंच गए। उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद लोग शांत हुए। मृतक के भाई दिनेश कुशवाह, कोमल, राकेश आदि ने मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं इसी मोहल्ले के निवासी रघुवीर सिंह ने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनके सामने चिकित्सालय के महिला वार्ड में प्रसव के बाद एक महिला के ऊपर चलता हुआ पंखा टूटकर गिर गया था, जिससे वह घायल हो गई। हालांकि, उनकी बच्ची को चोट नहीं लगी। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, लेकिन अभी तक किसी व्यक्ति द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। वहीं चिकित्सालय प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि बुजुर्ग काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और बीमारी के कारण ही उनकी मौत हुई है। उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही के आरोप से अस्पताल पक्ष ने इनकार किया है। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने का इंतजार है। शिकायत मिलने के बाद जांच के आधार पर ही उपचार में लापरवाही संबंधी आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page