सादाबाद 29 अगस्त । आज दोपहर हाथरस, राया और मथुरा मार्ग पर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक पुलिस उप निरीक्षक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पहला हादसा सादाबाद-मथुरा मार्ग पर विधायक कार्यालय के सामने हुआ। मथुरा के महावन थाने में तैनात उप निरीक्षक दुर्ग पाल सिंह किसी काम से सादाबाद आ रहे थे। अचानक उनकी बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे उप निरीक्षक दुर्ग पाल सिंह घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दूसरी दुर्घटना हाथरस रोड पर हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में नगला बैरू निवासी 27 वर्षीय अकरम पुत्र हनीफ और उनकी गर्भवती पत्नी कौशर घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया और उनकी स्थिति पर नजर रखी। तीसरा सड़क हादसा ग्राम झगरार निवासी 45 वर्षीय नंदकिशोर पुत्र शिवराम सिंह के साथ हुआ। बताया गया कि एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। टक्कर लगने से नंदकिशोर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।












