
हाथरस 29 अगस्त । सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का थाना गेट पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बाइक से खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में एक युवक बरेली हाईवे, थाना हाथरस गेट क्षेत्र में बाइक चलाते समय खतरनाक स्टंट करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करता दिखाई दे रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना गेट पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर वीडियो की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर स्टंट करने वाले युवक की पहचान इमरान पुत्र नूर अहमद, निवासी रतनगढ़ी, थाना हाथरस जंक्शन, जनपद के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई बाइक को भी पुलिस द्वारा सीज कर दिया गया। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सड़क पर बाइक से स्टंटबाजी अथवा खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर अपनी और अन्य राहगीरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया कोई भी खतरनाक स्टंट स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।














