
सासनी 26 अगस्त। सासनी कोतवाली क्षेत्र के बरसै गांव में पड़ोसियों के बीच विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी बेबी देवी पत्नी स्वर्गीय जुगेंद्र सिंह ने पड़ोसियों पर गाली-गलौज करने और विरोध करने पर ईंटों से हमला करने का आरोप लगाते हुए सासनी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता बेबी देवी के अनुसार गांव के ही वंश और यश ने उनके तथा उनकी बेटियों ज्योति और इच्छा के साथ गाली-गलौज की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने कथित रूप से ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी बेटी इच्छा के पैर में चोट लग गई। बेबी देवी ने बताया कि वह मूल रूप से बरसै गांव की ही निवासी हैं और आरोपित भी इसी गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद पीड़िता अपनी बेटियों के साथ सासनी कोतवाली पहुंचीं और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर सासनी कोतवाल विपिन चौधरी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










